दिनदहाड़े बुजुर्ग महिला से 4.23 लाख की लूट, इलाके में सनसनी विधायक पहुंचे पीड़िता के घर, पुलिस को दिए सख्त निर्देश
By Goapl Gupta ·
04 Jun 2026 ·
34 views
दिनदहाड़े बुजुर्ग महिला से 4.23 लाख की लूट, इलाके में सनसनी
विधायक पहुंचे पीड़िता के घर, पुलिस को दिए सख्त निर्देश
जयपुर। सोडाला थाना क्षेत्र के सुशीलपुरा (जमुनानगर) में दो दिन पहले हुई बुजुर्ग महिला से दिनदहाड़े लूट की वारदात ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। घटना के बाद राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में भी हलचल तेज हो गई है। सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा ने पीड़िता के घर पहुंचकर परिवार से मुलाकात की और उन्हें हर संभव मदद व न्याय दिलाने का भरोसा दिया। जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर करीब 12:40 बजे 74 वर्षीय बुजुर्ग महिला संतोष अग्रवाल मंदिर से दर्शन कर घर लौट रही थीं। जैसे ही वह अपने घर के पास पहुंचीं, तभी एक बदमाश ने पीछे से हमला कर उन्हें सड़क पर गिरा दिया। आरोपी ने महिला के साथ मारपीट करते हुए उनके कानों के सोने के टॉप्स और गले की चेन लूट ली और मौके से फरार हो गया। लूटे गए आभूषणों की कीमत करीब 4.23 लाख रुपये बताई जा रही है। पूरी वारदात पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस जांच में जुटी हुई है। घटना के बाद बुजुर्ग महिला गहरे सदमे और भय में हैं, वहीं स्थानीय लोगों में भी आक्रोश है। घटना की सूचना मिलते ही विधायक गोपाल शर्मा पीड़िता के निवास पहुंचे और परिजनों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने मौके से ही सोडाला थानाधिकारी को फोन कर आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के सख्त निर्देश दिए। विधायक ने कहा कि महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इस तरह की घटनाओं को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान में जुटी हुई है और दावा किया जा रहा है कि जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी। इलाके में इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।