नगर पालिका नीमकाथाना क्षेत्र में प्रशासनिक सख्ती: अधिशाषी अधिकारी रणजीत सिंह के नेतृत्व में पेट्रोल पंप, कोचिंग, हॉस्पिटल और बैंकों का औचक निरीक्षण:-
By Goapl Gupta ·
04 Jun 2026 ·
39 views
नगर पालिका नीमकाथाना क्षेत्र में प्रशासनिक सख्ती: अधिशाषी अधिकारी रणजीत सिंह के नेतृत्व में पेट्रोल पंप, कोचिंग, हॉस्पिटल और बैंकों का औचक निरीक्षण:-
रिपोर्टर::: (शिंभू सिंह शेखावत ) जनतंत्र की आवाज राजस्थान
नीमकाथाना। नगर पालिका क्षेत्र में आगजनी की संभावित घटनाओं को रोकने और जनहानि के खतरे को शून्य करने के उद्देश्य से नगर पालिका प्रशासन पूरी तरह सख्त रुख अपनाए हुए है। इसी कड़ी में आज अधिशाषी अधिकारी श्री रणजीत सिंह के नेतृत्व में एक उच्च स्तरीय टीम ने शहर के विभिन्न व्यावसायिक और सार्वजनिक प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। इस टीम में कनिष्ठ अभियंता (जेएन) सहित पालिका के फायर कार्मिक व अग्निशमन दस्ता शामिल रहा।
बगैर फायर NOC संचालित संस्थानों को सख्त हिदायत:
औचक निरीक्षण के दौरान टीम ने शहर के प्रमुख पेट्रोल पंपों, कोचिंग संस्थानों, हॉस्पिटलों और बैंकों में अचानक पहुंचकर वहाँ लगे अग्निशमन उपकरणों (Fire Extinguishers) की भौतिक स्थिति, उनकी एक्सपायरी डेट, वाटर सिस्टम और आपातकालीन निकास द्वारों की गहनता से जाँच की। इसके साथ ही संस्थानों के पास वैध फायर एनओसी (No Objection Certificate) है या नहीं, इसके दस्तावेज़ खंगाले गए। निरीक्षण के दौरान जिन संस्थानों के पास फायर एनओसी नहीं पाई गई या जहाँ सुरक्षा मानकों में लापरवाही मिली, उन्हें मौके पर ही कड़ी फटकार लगाते हुए सख्त हिदायत दी गई।
सुरक्षा मानकों से कोई समझौता नहीं - अधिशाषी अधिकारी:
अधिशाषी अधिकारी श्री रणजीत सिंह ने दो टूक शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि आमजन की सुरक्षा सर्वोपरि है और आगजनी जैसी गंभीर दुर्घटनाओं से बचाव के लिए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी संस्थापकों को निर्देशित किया कि वे तय समयावधि के भीतर अपनी फायर एनओसी रिन्यू करवाएं और सभी आवश्यक अग्निशमन उपकरणों को वर्किंग कंडीशन में रखें।
होगी सख्त कानूनी कार्रवाई:
नगर पालिका प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस हिदायत के बाद भी यदि किसी संस्थान द्वारा अग्निशमन मानकों को पूरा नहीं किया गया और बिना एनओसी के संचालन जारी रखा, तो पालिका द्वारा उनके खिलाफ सीलिंग (Sealing) सहित अन्य कड़ी कानूनी व दंडात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। पालिका की इस अचानक हुई कार्रवाई से आज पूरे शहर के व्यावसायिक क्षेत्रों में हड़कंप का माहौल रहा।