जवाहर नगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई शातिर वाहन चोर तौफीक गिरफ्तार, चोरी की एक्टिवा बरामद
By Goapl Gupta ·
04 Jun 2026 ·
10 views
जवाहर नगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई शातिर वाहन चोर तौफीक गिरफ्तार, चोरी की एक्टिवा बरामद
जयपुर। जयपुर पूर्व जिले में वाहन चोरी की घटनाओं पर लगाम कसते हुए पुलिस थाना जवाहर नगर ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने शातिर वाहन चोर तौफीक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की गई एक्टिवा स्कूटी बरामद कर ली है। आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व रंजीता शर्मा ने बताया कि क्षेत्र में बढ़ती वाहन चोरी व नकबजनी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए विशेष टीम का गठन किया गया था। यह टीम अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आलोक सिंघल के मार्गदर्शन तथा सहायक पुलिस आयुक्त आदर्श नगर लक्ष्मी सुथार के सुपरविजन में कार्य कर रही थी। थाना जवाहर नगर की थानाधिकारी सरला यादव के नेतृत्व में गठित टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्ध की पहचान की। लगातार आसूचना संकलन के बाद आरोपी तौफीक को दस्तयाब किया गया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली, जिसके बाद उसे प्रकरण संख्या 129/2026 धारा 303(2) BNS में विधिवत गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की गई होण्डा एक्टिवा स्कूटी भी जब्त कर ली है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी कॉलोनियों में घूमकर रैकी करता था और घरों के बाहर खड़े दोपहिया वाहनों को निशाना बनाकर चोरी करता था। चोरी किए गए वाहनों को वह कम दामों में बेचकर अपने नशे की जरूरतें पूरी करता था। आरोपी तौफीक पुत्र मोहम्मद रफीक, उम्र 28 वर्ष, निवासी खानिया बंधा, गोनेर रोड, दयाल अस्पताल के पास, थाना ट्रांसपोर्ट नगर, जयपुर का रहने वाला है। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। पुलिस अब आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य संभावित मामलों की भी जांच कर रही है।