पीपाड़ सिटी में उल्लास के साथ मनाया गया ईद-उल-अजहा का पर्व, दरगाह पर उमड़ा आस्था का सैलाब
By Goapl Gupta ·
28 May 2026 ·
42 views
पीपाड़ सिटी में उल्लास के साथ मनाया गया ईद-उल-अजहा का पर्व, दरगाह पर उमड़ा आस्था का सैलाब
पीपाड़ सिटी। शहर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में त्याग औरसमर्पण का पावन पर्व ईद-उल-अजहा (बकरीद) शनिवार को पूरी श्रद्धा, अकीदत और आपसी भाईचारे के साथ हर्षोल्लासपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर क्षेत्र में दिनभर उत्सव का माहौल रहा और समाज के लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर मुबारकबाद दी। शनिवार सुबह मुस्लिम समाज के हजारों लोग नए वस्त्र पहनकर बड़ी ईदगाह एवं छोटी ईदगाह पहुंचे। यहाँ मुख्य नमाज के दौरान विशेष नमाज अदा की गई। नमाज के बाद बारगाह-ए-इलाही में हाथ उठाकर देश में अमन, शांति, खुशहाली, तरक्की और आपसी सौहार्द बनाए रखने की सामूहिक दुआएं मांगी गईं। नमाज संपन्न होते ही हर तरफ भाईचारे का नजारा देखने को मिला जहाँ लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की बधाई दी।ईद-उल-अजहा के ऐतिहासिक महत्व को रेखांकित करते हुए हजरत इब्राहिम अलैहिस्सलाम की सुन्नत की याद में कुर्बानी की रस्म अदा की गई। इस पावन मौके पर सामाजिक जिम्मेदारी और इंसानियत की मिसाल पेश करते हुए समाज के सक्षम लोगों द्वारा गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों में दान (सदका) और सहायता सामग्री का वितरण किया गया। त्योहार के मद्देनजर मुस्लिम बहुल इलाकों और बाजारों में सुबह से ही रौनक बनी रही।शाम के समय हजरत नोक्कसा पीर बाबा की दरगाह पर पारंपरिक मेले का आयोजन हुआ। मेले में अकीदतमंदों और जायरीन का भारी सैलाब उमड़ पड़ा।जायरीन ने मजार शरीफ पर मखमली चादर और अकीदत के फूल पेश किए।दरगाह परिसर में मन्नतें मांगी गईं और क्षेत्र की खुशहाली के लिए दुआ की गई।
मेले में लगी विभिन्न दुकानों और खान-पान के स्टॉल्स पर लोगों ने जमकर खरीदारी और लुत्फ उठाया, जिससे माहौल पूरी तरह उत्सवमय हो गया।त्योहार और मेले के दौरान शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा पुख्ता इंतजाम किए गए थे। प्रमुख चौराहों, ईदगाह और दरगाह परिसर के आसपास भारी पुलिस बल तैनात रहा, जिससे पूरा पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।