अरावली भवन पर कर्मचारियों ने की जोरदार नारेबाजी, सरकार को दी आंदोलन की चेतावनी*
By Goapl Gupta ·
26 May 2026 ·
32 views
*अरावली भवन पर कर्मचारियों ने की जोरदार नारेबाजी, सरकार को दी आंदोलन की चेतावनी*
जयपुर, 26 मई। अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ (एकीकृत) के प्रदेश अध्यक्ष गजेंद्र सिंह राठौड़ के आह्वान पर आज दूसरे दिन भी कर्मचारियों का तीखा आक्रोश देखने को मिला। राजस्थान सरकार द्वारा कर्मचारी हितों पर किए जा रहे कुठाराघात के विरोध में आज लगातार दूसरे दिन अरावली भवन (मुख्यालय) पर कर्मचारियों ने 1 घंटे का सामूहिक कार्य बहिष्कार कर सांकेतिक प्रदर्शन किया और जमकर नारेबाजी की।
विभागीय समिति वन विभाग के महामंत्री चेतन कुमार नूनीवाल ने बताया कि सरकार कर्मचारियों के लोकतांत्रिक अधिकारों और सुविधाओं पर लगातार चोट कर रही है। कर्मचारियों की मुख्य मांगों में आरजीएचएस (RGHS) योजना का निजीकरण रोकने तथा समर्पित अवकाश (सरेंडर लीव) के भुगतान पर लगी अघोषित रोक को तुरंत हटाने सहित महासंघ का 25 सूत्री मांग पत्र शामिल है।
इस सामूहिक कार्य बहिष्कार और प्रदर्शन के दौरान विभिन्न कर्मचारी संगठनों के प्रमुख पदाधिकारी और भारी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रदर्शन में मुख्य रूप से कर्मचारी नेता अजयवीर सिंह, प्रकाश यादव, फतेह बहादुर, पृथ्वी सिंह, अभय सिंह, जोगेन्द्र सिंह, प्रदीप रावत, गोपाल शर्मा, जितेंद्र सिंह, शंभू सिंह, किशन लाल मीणा,महिम जैन, अंकित, विकास मीणा, पंकज चावला, सहित अनेक पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया और अग्रिम पंक्ति में रहकर कर्मचारियों की आवाज को बुलंद किया।
प्रदर्शन के दौरान सभी पदाधिकारियों ने एक स्वर में सरकार की कर्मचारी-विरोधी नीतियों की घोर निंदा की। नेताओं ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि सरकार जल्द से जल्द कर्मचारी हितों को ध्यान में रखते हुए सकारात्मक कदम उठाए और 25 सूत्री मांग पत्र को पूरा करे, अन्यथा इस आंदोलन को आगे और अधिक तेज व उग्र किया जाएगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी शासन की होगी।