स्वर्गीय गोपाल लाल सोगण की स्मृति में चला “परिंडा लगाओ-पक्षी बचाओ” अभियान*
By Goapl Gupta ·
25 May 2026 ·
11 views
*स्वर्गीय गोपाल लाल सोगण की स्मृति में चला “परिंडा लगाओ-पक्षी बचाओ” अभियान*
*चौमूं* श्री गीतागोपाल नाट्यकला संस्थान, चौमूं के तत्वावधान में स्वर्गीय श्री गोपाल लाल सोगण की स्मृति में “परिंडा लगाओ-पक्षी बचाओ” अभियान के तहत वीर हनुमान मार्ग खेल स्टेडियम में पक्षियों के लिए परिंडे लगाए गए। भीषण गर्मी को देखते हुए पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था करने का संदेश देते हुए उपस्थित लोगों को परिंडों के संरक्षण एवं नियमित रूप से पानी भरने की प्रतिज्ञा भी दिलाई गई।
संस्थान अध्यक्ष रंगमंच कलाकार गोल्ड मेडलिस्ट सुनील सोगण ने बताया कि संस्थान द्वारा पिछले 10 वर्षों से लगातार यह अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गर्मी के दिनों में पक्षियों को पानी की सबसे अधिक आवश्यकता होती है, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने घर, मोहल्ले एवं सार्वजनिक स्थानों पर परिंडे लगाकर उनमें नियमित रूप से पानी भरना चाहिए। इससे जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशीलता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश समाज में जाता है।
सामाजिक कार्यकर्ता ओ.पी. सेठी ने कहा कि पक्षियों की सेवा करना पुण्य का कार्य है तथा ऐसे अभियान समाज को प्रकृति और जीवों के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य पूरण जी मौर्य, कैलाश जी चांदोलिया, जन सेवा कल्याण संस्थान अध्यक्ष किशोर जमालपुरिया, सुरेश कुमावत, मनोज बागोरिया, राजेंद्र सेन, डॉ. नरेंद्र कुमार सैनी एवं संस्थान सचिव घनश्याम जांगिड़ सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।