नवनिर्मित विशाल टंकी से जल्द शुरू होगी पेयजल आपूर्ति*
By Goapl Gupta ·
19 May 2026 ·
128 views
*नवनिर्मित विशाल टंकी से जल्द शुरू होगी पेयजल आपूर्ति*
जयपुर। झोटवाड़ा इलाके में वार्ड 12 के बैनाड़ रोड स्थित श्याम नगर-निर्मल विहार क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। बीसलपुर पेयजल योजना के अंतर्गत क्षेत्र में हर घर तक नल से पानी पहुंचाने की महत्वाकांक्षी योजना अब जल्द धरातल पर उतरने जा रही है। इस योजना के तहत निर्मल विहार मोक्ष धाम क्षेत्र में बनाई गई कुल 25 लाख लीटर क्षमता की विशाल पानी की टंकी बनकर पूरी तरह तैयार हो चुकी है और शीघ्र ही इससे जल आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी। लम्बे समय से नियमित पेयजल आपूर्ति की समस्या से जूझ रहे स्थानीय निवासियों को इस परियोजना से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। वहीं इस परियोजना को लेकर क्षेत्रवासियों में काफी उत्साह देखा जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पानी की समस्या के कारण उन्हें वर्षों से परेशानी का सामना करना पड़ रहा था लेकिन अब बीसलपुर योजना के माध्यम से नियमित और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सकेगा। खासतौर पर गर्मी के मौसम में पानी की किल्लत से परेशान लोगों के लिए यह योजना किसी सौगात से कम नहीं मानी जा रही है। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक राजस्थान सरकार की महत्वाकांक्षी बीसलपुर पेयजल योजना के तहत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जलापूर्ति व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। इसी कड़ी में निर्मल विहार क्षेत्र में 25 लाख लीटर क्षमता की अत्याधुनिक पानी की टंकी का निर्माण कराया गया है। यह टंकी क्षेत्र की बड़ी आबादी को सुचारु जल आपूर्ति उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभाएगी। यह भी बताया गया है कि इस टंकी का शुभारंभ जल्द ही राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी के कर कमलों से किया जाएगा। कार्यक्रम को भव्य रूप देने की तैयारियां भी शुरू कर दी गई हैं। सिंधु वीर नानकराम थावानी ने जानकारी देते हुए बताया कि विद्याधर नगर संयोजक राजेंद्र कारोड़िया ने जलदाय विभाग के अधिकारियों के साथ मिलकर कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और क्षेत्रवासियों की उपस्थिति रहेंगे । उन्होंने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। इससे ना केवल लोगों को नियमित जलापूर्ति मिलेगी बल्कि क्षेत्र में पेयजल संकट की समस्या का स्थायी समाधान भी संभव हो सकेगा। स्थानीय निवासियों ने राज्य सरकार और जलदाय विभाग के इस प्रयास की सराहना करते हुए उम्मीद जताई है कि योजना का लाभ जल्द ही प्रत्येक घर तक पहुंचेगा। श्याम नगर निर्मल विहार बैनाड़ रोड की विभिन्न कालोनियों और आसपास के अर्ध ग्रामीण क्षेत्रों में इस परियोजना को लेकर उत्सव जैसा माहौल है। लोगों का मानना है कि बीसलपुर योजना के माध्यम से अब उन्हें पर्याप्त और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होगा, जिससे उनका दैनिक जीवन काफी आसान हो जाएगा।