जवाहर कला केंद्र के जूनियर समर कैंप चयन प्रक्रिया पर उठे गंभीर सवाल* *रंगमंच कलाकार सुनील सोगण ने पारदर्शिता एवं आरक्षण नीति पर जताई आपत्ति*
By Goapl Gupta ·
13 May 2026 ·
241 views
*जवाहर कला केंद्र के जूनियर समर कैंप चयन प्रक्रिया पर उठे गंभीर सवाल*
*रंगमंच कलाकार सुनील सोगण ने पारदर्शिता एवं आरक्षण नीति पर जताई आपत्ति*
*जयपुर*। जवाहर कला केंद्र द्वारा आयोजित जूनियर समर कैंप 2026 की नाट्य विधा प्रशिक्षक चयन प्रक्रिया को लेकर रंगमंच कलाकार सुनील सोगण ने गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता की कमी, अनुभव एवं योग्यता की अनदेखी, दस्तावेज सत्यापन नहीं किए जाने तथा भारत सरकार की आरक्षण नीति की अनुपालना नहीं होने के आरोप लगाए हैं।
सुनील सोगण ने बताया कि वे पिछले लगभग 20 वर्षों से चौमूं एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में रंगमंच के क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं तथा शिक्षा में रंगमंच को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। बच्चों के साथ अभिनय, निर्देशन, रंगमंच प्रशिक्षण एवं कार्यशालाओं का लंबा अनुभव रखने वाले सुनील सोगण एम.ए. नाट्यकला गोल्ड मेडलिस्ट हैं। इसके साथ ही उन्होंने पीजी डिप्लोमा इन ड्रैमेटिक्स, एम.ए. संस्कृत एवं शिक्षा शास्त्री (B.Ed.) की उपाधियां प्राप्त कर रखी हैं तथा बाल मनोविज्ञान और बच्चों के व्यक्तित्व विकास पर लगातार कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इतने लंबे अनुभव एवं शैक्षणिक योग्यता के बावजूद उनका चयन केवल वेटिंग सूची में किया गया, जबकि उनसे शिक्षा एवं अनुभव में जूनियर कलाकारों को मुख्य प्रशिक्षक एवं सहायक प्रशिक्षक के रूप में चयनित किया गया है।
सुनील सोगण ने आरोप लगाया कि चयन समिति द्वारा किसी भी अभ्यर्थी के दस्तावेजों का विधिवत सत्यापन नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि चयन प्रक्रिया में अनुभव, शैक्षणिक योग्यता एवं कार्य के आधार पर निष्पक्ष मूल्यांकन की बजाय मनमाने तरीके अपनाए गए।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इस चयन प्रक्रिया में भारत सरकार की आरक्षण नीति की अनुपालना भी सुनिश्चित नहीं की गई। उनका कहना है कि यदि सरकारी एवं अर्द्धसरकारी संस्थानों में पारदर्शी एवं संवैधानिक प्रक्रिया का पालन नहीं होगा तो योग्य एवं वंचित वर्गों के कलाकारों के साथ अन्याय होता रहेगा।
सुनील सोगण ने यह भी कहा कि जूनियर समर कैंप के लिए किसी प्रकार का सार्वजनिक विज्ञापन समाचार पत्रों में प्रकाशित नहीं किया गया, जिससे अनेक योग्य कलाकार आवेदन प्रक्रिया एवं चयन प्रक्रिया की जानकारी से वंचित रह गए।
इसके साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि जवाहर कला केंद्र की रंगमंच सलाहकार के पुत्र को भी मुख्य प्रशिक्षक बनाया गया है, जबकि अनुभव एवं शैक्षणिक योग्यता के आधार पर वे स्वयं अधिक योग्य हैं। उन्होंने कहा कि इससे चयन प्रक्रिया की निष्पक्षता पर प्रश्नचिह्न खड़े होते हैं।
सुनील सोगण ने मांग की है कि जूनियर समर कैंप 2026 की चयन प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच करवाई जाए, चयन का आधार सार्वजनिक किया जाए तथा भविष्य में योग्यता, अनुभव, पारदर्शिता एवं आरक्षण नीति के अनुरूप चयन प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए।