लक्ष्मणगढ़ में निशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर आयोजित, 95 मरीजों का हुआ पंजीकरण
By Goapl Gupta ·
10 May 2026 ·
33 views
लक्ष्मणगढ़ में निशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर आयोजित, 95 मरीजों का हुआ पंजीकरण
लक्ष्मणगढ़। लोक सेवा ज्ञान मंदिर ट्रस्ट लक्ष्मणगढ़ एवं शंकरा आई हॉस्पिटल जयपुर के संयुक्त तत्वावधान में आज 10 मई 2026 रविवार को न्यू टैगोर पब्लिक स्कूल परिसर में निशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन एवं नेत्र जांच शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्रभर से बड़ी संख्या में मरीज पहुंचे, जहां कुल 95 मरीजों का पंजीकरण कर उनका नेत्र परीक्षण किया गया। जांच उपरांत 15 मरीजों का जयपुर में निशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चयन किया गया, जबकि अन्य मरीजों को दवाइयां देकर एक माह बाद पुनः जांच के लिए बुलाया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सनवाली आश्रम के पीठाधीश्वर शांतिनाथ जी महाराज द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर महाराज श्री ने कहा कि किसी व्यक्ति की आंखों की रोशनी लौटाना सबसे बड़ा पुण्य कार्य है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार सूर्य के बिना संसार अंधकारमय हो जाता है, उसी प्रकार आंखों की ज्योति के बिना जीवन भी अंधकारमय हो जाता है। ट्रस्ट द्वारा आयोजित यह सेवा कार्य अत्यंत सराहनीय एवं मानवता के लिए प्रेरणादायक है।
ट्रस्ट के संरक्षक सुभाष जोशी ने अपने उद्बोधन में कहा कि लोक सेवा ज्ञान मंदिर ट्रस्ट लगातार सामाजिक सरोकारों से जुड़े सेवा कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। इसी कड़ी में यह निशुल्क नेत्र शिविर आयोजित किया गया है। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि यह शिविर प्रत्येक माह के दूसरे रविवार को इसी स्थान पर नियमित रूप से आयोजित किया जाएगा ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद लोग इसका लाभ प्राप्त कर सकें।
शंकरा आई हॉस्पिटल जयपुर से पधारे राकेश जी ने अस्पताल द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि चयनित मरीजों को लक्ष्मणगढ़ से जयपुर ले जाकर उनका ऑपरेशन, रहने-खाने की व्यवस्था, दवाइयां, चश्मा एवं वापस लक्ष्मणगढ़ छोड़ने तक की संपूर्ण प्रक्रिया पूर्णतः निशुल्क रहेगी।
शिविर में शंकरा आई हॉस्पिटल जयपुर की टीम द्वारा अत्यंत व्यवस्थित एवं अनुशासित तरीके से मरीजों का परीक्षण किया गया।
डॉक्टरों एवं मेडिकल टीम का व्यवहार मृदुभाषी, शांत एवं सेवाभाव से परिपूर्ण रहा, जिसकी उपस्थित लोगों ने भूरि-भूरि प्रशंसा की।
शिविर के दौरान ट्रस्ट के सभी संरक्षक, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने मरीजों की सेवा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। शिविर में लाभान्वित लोगों ने ट्रस्ट के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि संस्था समाजहित में लगातार उत्कृष्ट कार्य कर रही है और भविष्य में भी इसी प्रकार जनसेवा के कार्य जारी रखने चाहिए।
अंत में लोक सेवा ज्ञान मंदिर ट्रस्ट लक्ष्मणगढ़ द्वारा क्षेत्रवासियों से आगामी माह जून में दूसरे रविवार 14 जून को आयोजित होने वाले निशुल्क नेत्र एवं मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर लाभ लेने की अपील की गई।
इस सेवा शिविर में लोक सेवा ज्ञान मंदिर ट्रस्ट के संरक्षक सुभाष जोशी, दीनदयाल जोशी, प्रकाश पासोरिया, गिरधारी लाल जाजोदिया, यादव शास्त्री, ट्रस्ट के अध्यक्ष श्याम सुंदर शर्मा, प्रभारी राजेंद्र कुमार शर्मा, दिव्यांग प्रकोष्ठ प्रभारी कमल कुमावत, रामपाल कुमावत, अमित सोनी, सुनील कुमार माली, नासिर तगाला, रमेश छिंछासवाला, पवन कस्वा, न्यू टैगोर स्कूल के संचालक महेंद्र घासोलिया, स्कूल प्रधानाचार्य कांता देवी घासोलिया, राम प्रसाद जड़िया, शशि प्रकाश कुमावत, मोनू कुमावत, अश्विनी घासोलिया, वरुण शर्मा, यश जैन, आर्यन कुमावत, अल्ताफ खत्री, महावीर जांगिड़, एडवोकेट महेश शर्मा शंकरा आई हॉस्पिटल टीम में डॉक्टर. हिमांशी, दीपक वर्मा शिविर प्रभारी राकेश कुमार, निशा, तन्नू,एकता,भंवर सिंह,गिरधारी सहित ट्रस्ट के अनेक संरक्षक पदाधिकारी कार्यकर्ता नगर के अनेक गणमान्य व्यक्ति कैंप में पधारे हुए मैरिज उपस्थित रहे।