प्रतापगढ़: फिर विवादों में दरोगा सचिन पटेल, वीडियो वायरल होने के बाद जांच शुरू
By Goapl Gupta ·
01 May 2026 ·
32 views
प्रतापगढ़: फिर विवादों में दरोगा सचिन पटेल, वीडियो वायरल होने के बाद जांच शुरू
सुभाष तिवारी लखनऊ
प्रतापगढ़ जिले में एक बार फिर एक दरोगा की कार्यशैली चर्चा में है। देवसरा क्षेत्र का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हलचल मच गई है। मामले में क्षेत्राधिकारी पट्टी को जांच सौंपी गई है।
देवसरा निवासी दुर्गा प्रसाद गुप्ता ने आरोप लगाया है कि वह बाजार स्थित एक मेडिकल स्टोर पर दवा लेने गए थे। इसी दौरान वहां पहुंचे दरोगा सचिन पटेल ने उनके पहनावे को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की। आरोप है कि बातचीत के दौरान धार्मिक विषयों पर भी टिप्पणी की गई और बाद में उन्हें “देख लेने” की धमकी दी गई।
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया है और जांच के आदेश दिए हैं।
पहले भी लग चुके हैं आरोप
दरोगा सचिन पटेल का नाम इससे पहले भी विवादों में आ चुका है। सांगीपुर थाने में दर्ज एक मामले में विलियमगढ़ पहाड़पुर निवासी पिंटू वर्मा ने आरोप लगाया था कि मुकदमे में धाराएं बढ़ाने और *आरोपियों को जेल भेजने के एवज में उनसे 40 हजार रुपये की मांग की गई थी।*
पीड़ित द्वारा इस संबंध में रिकॉर्डिंग के साथ शिकायत किए जाने पर जांच कराई गई थी। *जांच के बाद तत्कालीन पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने दरोगा को निलंबित कर दिया था।*
छह महीने बाद फिर उठा विवाद
करीब छह महीने बाद एक बार फिर दरोगा पर लगे आरोपों ने उनकी कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, वर्तमान मामले में अभी जांच जारी है और पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।