राजकीय किशोर एवं संप्रेषण गृह, अलवर का औचक निरीक्षण — व्यवस्थाओं के सुदृढ़ीकरण पर जोर
By Goapl Gupta ·
29 Apr 2026 ·
27 views
राजकीय किशोर एवं संप्रेषण गृह, अलवर का औचक निरीक्षण — व्यवस्थाओं के सुदृढ़ीकरण पर जोर
अलवर, दिनांक — माननीय राजस्थान उच्च न्यायालय, जयपुर तथा राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार एवं श्री अनंत भण्डारी, अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (जिला एवं सेशन न्यायाधीश), अलवर के मार्गदर्शन में आज श्री मोहनलाल सोनी, सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश), अलवर द्वारा माननीय किशोर न्याय समिति एवं माननीय पीओसीएसओ समिति के आदेशों की प्रभावी अनुपालना सुनिश्चित करने हेतु राजकीय किशोर एवं संप्रेषण गृह, अलवर का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान गृह में कुल 02 बालक आवासित पाए गए। निरीक्षण के समय आवासित बालकों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं—जैसे भोजन, वस्त्र, चिकित्सा सुविधा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं—का सूक्ष्म परीक्षण एवं समग्र मूल्यांकन किया गया।
सचिव महोदय द्वारा व्यवस्थाओं के सुदृढ़ीकरण, गुणवत्ता सुधार एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। उन्होंने निर्देशित किया कि गृह में रह रहे बालकों के सर्वांगीण विकास, सुरक्षा एवं कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए तथा सभी व्यवस्थाओं को अधिक सुदृढ़, पारदर्शी एवं उत्तरदायी बनाया जाए, जिससे बालकों के अधिकारों का समुचित संरक्षण सुनिश्चित हो सके।
इस अवसर पर डॉ. नरेन्द्र सिंह सिडोलिया, राजकीय सामान्य चिकित्सालय, अलवर, श्रीमती रेणु गुप्ता, अध्यक्ष, बाल कल्याण समिति, अलवर, श्रीमती ज्योति आहूजा, सदस्य, बाल कल्याण समिति, अलवर, श्रीमती पूनम, काउंसलर, जिला बाल संरक्षण इकाई एवं बाल अधिकारिता विभाग, अलवर तथा श्री संजय वर्मा, अधीक्षक, राजकीय किशोर एवं संप्रेषण गृह, अलवर उपस्थित रहे।
निरीक्षण उपरांत संबंधित कार्मिकों को निर्देशित किया गया कि वे बालकों के हितों की प्रभावी अभिरक्षा सुनिश्चित करते हुए संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करें, ताकि उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण की दिशा में सार्थक प्रयास किए जा सकें।