रामनवमी पर कल झोटवाड़ा में होगा वंचित समाज की 621 कन्याओं का पूजन
By Goapl Gupta ·
24 Mar 2026 ·
36 views
रामनवमी पर कल झोटवाड़ा में होगा वंचित समाज की 621 कन्याओं का पूजन
रामनवमी पर कल झोटवाड़ा में होगा वंचित समाज की 621 कन्याओं का पूजन
जयपुर। पतंजलि किसान सेवा समिति एवं उत्थान सेवा संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में रामनवमी पर 26 मार्च को झोटवाड़ा क नांगल जैसा बोहरा स्थित बोहरा जी की बावड़ी परिसर में आयोजित होने जा रहे एकादशम् कन्या पूजन एवं वैदिक यज्ञ महोत्सव को लेकर मंगलवार को तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया। आयोजन को भव्य, सुव्यवस्थित और प्रेरणादायक बनाने के लिए विभिन्न व्यवस्थाओं की जिम्मेदारियां कार्यकर्ताओं को सौंप दी गई हैं तथा सभी टीमों को अपने-अपने दायित्वों के अनुसार सक्रिय कर दिया गया है।
सेना के सिग्नल कोर से सेवानिवृत्त कैप्टन शीशराम चौधरी के मार्गदर्शन में आयोजित इस महोत्सव का उद्देश्य समाज के वंचित वर्ग की बालिकाओं को सम्मानित कर उनके आत्मविश्वास को बढ़ाना और शिक्षा के प्रति प्रेरित करना है। इस अवसर पर 621 कन्याओं को आमंत्रित कर पारंपरिक विधि-विधान से उनका पूजन किया जाएगा। विशेष रूप से झुग्गी-झोपड़ी एवं कच्ची बस्तियों से बालिकाओं को वाहन व्यवस्था के माध्यम से आयोजन स्थल तक लाया जाएगा। यहां उनके चरण पखारकर तिलक एवं चुनरी से सम्मानित किया जाएगा, इसके बाद ससम्मान भोजन कराया जाएगा और वस्त्र, सैंडल सहित उपयोगी उपहार भेंट किए जाएंगे।
मंगलवार को आयोजित बैठक में महोत्सव की संपूर्ण रूपरेखा को विस्तार से अंतिम रूप दिया गया। आयोजन स्थल पर टेंट स्थापना, मंच सज्जा, रंगोली, बैनर, झंडे-झंडियां एवं समग्र सजावट की जिम्मेदारी तय की गई है। साथ ही पेयजल, कूलर, चल शौचालय, पार्किंग और सुरक्षा जैसी आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। हवन के लिए आचार्य, हवन सामग्री, यजमानों की व्यवस्था तथा वैदिक अनुष्ठानों की पूरी योजना भी निर्धारित कर दी गई है।
कन्याओं के स्वागत, तिलक, चरण पूजन, मोली व चुनरी बांधने, बैठाने और प्रसादी वितरण के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है, ताकि आयोजन में किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
महोत्सव का आयोजन पतंजलि किसान सेवा समिति एवं उत्थान सेवा संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है, जिसमें समाज के विभिन्न वर्गों, संस्थाओं और स्वयंसेवकों का उत्साहजनक सहयोग मिल रहा है।
इसी क्रम में आयोजन के पोस्टर का विमोचन योग पार्क, भास्कर कॉलोनी एवं अन्य स्थानों पर किया गया। इस दौरान ओ.पी. गुप्ता, शालिनी, राजेश गुप्ता, कैप्टन शीशराम चौधरी, शिवानंद त्रिपाठी, कैप्टन एस.आर. मुंड, गोपाल पारीक, भगवान राम तथा रघुराज सिंह सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
आयोजकों के अनुसार यह आयोजन केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में बेटियों के सम्मान, सुरक्षा और शिक्षा के प्रति जागरूकता का सशक्त संदेश देने का प्रयास है। कन्या पूजन के माध्यम से बालिकाओं के प्रति सम्मान का भाव जागृत कर उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा, जो एक सशक्त और संवेदनशील समाज की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।